बिलासपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आनंदम धाम में रितेश्वर महाराज के आशीर्वाद से स्व. शोभा टाह फाउंडेशन ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। फाउंडेशन के प्रबंधक अनिल टाह ने लखराम निवासी दिव्यांग महिला सरोजनी देवांगन को बैटरी चालित ट्राई साइकिल भेंट कर उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
इस अवसर पर अनिल टाह ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि रितेश्वर महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से फाउंडेशन आगे भी जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की हर संभव सहायता करता रहेगा।
ट्राई साइकिल प्राप्त करने वाली सरोजनी देवांगन ने भावुक होकर बताया कि यह दूसरी बार है जब उन्हें ट्राई साइकिल का लाभ मिला है। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से उनके दैनिक आवागमन में काफी सुविधा होगी। उन्होंने स्व. शोभा टाह फाउंडेशन एवं रितेश्वर महाराज के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एस.पी. सिंह, एस.पी. बरेठ, चिन्मय भट्ट, आर.के. सिंह, रेखा गुल्ला, मदनमोहन गुल्ला, पंकज पटेल सहित फाउंडेशन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया गया।












