सात नामांकन, एक निरस्त… पांच ने छोड़ा मैदान, कविता यादव बनीं आंगनबाड़ी संघ की प्रांत अध्यक्ष
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के प्रांत अध्यक्ष पद का निर्वाचन शनिवार को संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया में कुल सात अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच में एक फॉर्म निरस्त हुआ, जबकि शेष छह अभ्यर्थियों में से पांच ने नाम वापस लेते हुए कविता यादव के समर्थन की घोषणा कर दी। इसके बाद प्रांत अध्यक्ष पद पर कविता यादव एकमात्र प्रत्याशी रह गईं और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
मतदान की नहीं पड़ी जरूरत
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार यदि एक से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहते तो मतदान कराया जाता, लेकिन पांच प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद केवल कविता यादव ही मैदान में रह गईं। लिहाजा मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और निर्वाचन प्रक्रिया निर्विरोध पूरी हुई।
करीब 5 हजार आजीवन सदस्य हैं मतदाता
संघ के अनुसार प्रदेशभर के करीब 5 हजार सक्रिय आजीवन सदस्य निर्वाचन में मतदाता के रूप में पात्र हैं। मतदाता सूची प्रदेश के विभिन्न जिलों से तैयार की गई थी।
बताया गया कि 2 अगस्त को बृहस्पति बाजार में आयोजित प्रांतीय महासमिति की बैठक में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने का प्रयास किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद 20 सितंबर को निर्वाचन कराने की घोषणा की गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत 5 सितंबर को निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति के बाद नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई।
अब नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारी
इस बार केवल प्रांत अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन हुआ है। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद कविता यादव महासमिति की बैठक बुलाकर संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन करेंगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न संभागों और जिलों से पदाधिकारियों को शामिल किया जाना है।
संघ के अनुसार प्रांत अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा, जिसके बाद पुनः निर्वाचन कराया जाएगा।
कविता यादव ने जताया आभार
निर्वाचन के बाद कविता यादव ने प्रदेशभर से आए सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी और मजबूती के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हक-अधिकार तथा विभिन्न मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
निर्वाचन के दौरान श्रीकांत मिश्रा, सुनील यादव, चंद्रशेखर पाण्डे, कविता यादव, रागिनी वाल्टर सहित संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।





