कलेक्टर-एसएसपी ने संभाली कमान, देर रात तक चला पुलिस का पैदल मार्च; पड़ोसी जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त बल
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज और मसानगंज इलाके में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। पथराव की चपेट में आने से तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी घायल हो गए और उनके सिर में चोट आई। एक आरक्षक समेत कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
*सोशल मीडिया कमेंट से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद कुछ लोग खपरगंज पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए जाने लगे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया। घटनाक्रम में पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस पर भी पथराव, TI घायल
भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ। इसी दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी के सिर में पत्थर लगने से वे घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले बातचीत के जरिए भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। हालात नहीं सुधरने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
थाने तक पहुंची भीड़, अफसरों ने संभाला मोर्चा
तनाव बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली थाना परिसर तक पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और देर रात तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी।
*पड़ोसी जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त बल
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बिलासपुर पुलिस लाइन के साथ जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया। इसके अलावा जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ से भी अतिरिक्त बल बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
देर रात तक पुलिस बल इलाके में तैनात रहा और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की गई।
*कलेक्टर-एसएसपी ने किया पैदल मार्च
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे। इसके बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ इलाके में पैदल मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन की मौजूदगी में भीड़ को धीरे-धीरे तितर-बितर किया गया और इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई।
*सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 163 लागू
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है। आदेश 28 अगस्त से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
इसके तहत बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना-प्रदर्शन सहित ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। हथियार लेकर निकलने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
/दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कलेक्टर-एसएसपी
कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव की स्थिति बनी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पथराव, तोड़फोड़ और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात
घटना के बाद खपरगंज, मसानगंज और सिटी कोतवाली चौक के आसपास पुलिस बल तैनात है। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अपुष्ट सामग्री साझा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस की जांच जारी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।









