बिलासपुर। अंचल के प्रतिष्ठित सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा गोद ग्राम नेवसा में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के करीब 150 NSS स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति, विधिक साक्षरता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न अभियानों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. संजय दुबे की उपस्थिति में हुआ। उप प्राचार्य डॉ. के.के. शुक्ला सहित अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों की जानकारी दी।
100 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शिविर के दौरान NSS गार्डन में स्वयंसेवकों द्वारा 100 पौधों का रोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को पौधों की देखभाल, वृक्ष संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी दी। “एक स्वयंसेवक–एक पौधा” जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया गया।
टीबी और नशामुक्ति को लेकर निकाली जागरूकता रैली
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को क्षय रोग के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया। वहीं नशामुक्ति रैली के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
विधिक साक्षरता और HIV/AIDS पर भी जागरूकता
शिविर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही HIV/AIDS के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय तथा इससे जुड़े सामाजिक भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर भी जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने भेदभाव के बजाय संवेदनशीलता और सहयोग की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारियों ने कहा कि समाज सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में सतत प्रयास है। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वच्छ, स्वस्थ, नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
शिविर में NSS कार्यक्रम अधिकारी रोहित लहरे, दीपक सेठ, नरेंद्र लहरे एवं श्वेता मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्राम पंचायत के सरपंच प्रेम कुमार मरावी सहित ग्रामीणजन केशव यादव, गेंद लाल यादव, कुलदीप, प्रधान पाठक सी.एल. साहू, रामेश्वर साहू सहित शिक्षकगण एवं ग्रामीणों ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
यह आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति प्रो. ललित प्रकाश पटेरिया के मार्गदर्शन तथा विश्वविद्यालय NSS समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष डॉ. संजय दुबे ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि NSS युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में नारायण, लोकेश, जिया, चंचल, आर्यन खान, उमेश यादव, देवेंद्र यादव, महेंद्र, पुष्पराज, जितेंद्र, करुणा, खुशी, निशा, कंचन, आयुष, विमल, कोमल, प्राची, कशिष, साहिल, जफर अली, कुनाल, जयदीप सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






