बिलासपुर। गोल बाजार क्षेत्र में हुई घटना को लेकर शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रवीण झा ने नागरिकों से शांति, संयम और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला आपसी रंजिश से जुड़े व्यक्तिगत विवाद का प्रतीत होता है। ऐसे विवाद को किसी समाज, वर्ग या समुदाय से जोड़ना उचित नहीं है।
प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर की पहचान आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपरा से रही है। शहर में विभिन्न समाज और समुदाय के लोग वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। तीज-त्योहार, धार्मिक आयोजन और सामाजिक अवसरों पर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना बिलासपुर की खूबसूरत परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि किसी एक विवाद के कारण शहर के मजबूत सामाजिक रिश्तों में दरार नहीं आनी चाहिए। व्यक्ति का विवाद व्यक्ति तक सीमित रहना चाहिए, उसे पूरे समाज या समुदाय का विवाद नहीं बनाया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गलती के लिए पूरे समुदाय को जिम्मेदार ठहराना न तो न्यायसंगत है और न ही शहर के हित में।
अफवाहों और भ्रामक पोस्ट से बचने की अपील
प्रवीण झा ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वीडियो, फोटो अथवा भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में अफवाहें स्थिति को और बिगाड़ सकती हैं, इसलिए नागरिकों को जिम्मेदारी और संयम का परिचय देना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि कानून अपना काम करे और किसी भी घटना के आधार पर पूरे समाज या समुदाय को कटघरे में खड़ा न किया जाए।
प्रवीण झा ने कहा कि “बिलासपुर की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।” शहरवासियों को मिलकर शांति, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करना होगा।





