सोने का तमगा लेकर लौटी बिलासपुर की बेटी, संजू देवी के स्वागत में उमड़ा शहर

Spread the loveएशियन गेम्स में भारत को स्वर्ण दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी का भव्य अभिनंदन, कलेक्टोरेट से बहतराई तक निकली सम्मान रैली बिलासपुर। जापान में आयोजित 20वीं एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर बिलासपुर लौटीं छत्तीसगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी का…

Spread the love


एशियन गेम्स में भारत को स्वर्ण दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी का भव्य अभिनंदन, कलेक्टोरेट से बहतराई तक निकली सम्मान रैली


बिलासपुर। जापान में आयोजित 20वीं एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर बिलासपुर लौटीं छत्तीसगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी का शहर ने गर्मजोशी से स्वागत किया। देश के लिए सोना जीतकर लौटी शहर की बेटी की एक झलक पाने के लिए खेलप्रेमियों और नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया। कलेक्टोरेट से बहतराई स्टेडियम तक निकली सम्मान रैली में जगह-जगह संजू देवी का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
रैली अपराह्न 4 बजे कलेक्टोरेट से शुरू हुई। चारपहिया और दोपहिया वाहनों के साथ रैली जिला खेल परिसर पहुंची, जहां से बहतराई स्टेडियम तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। शहर की सड़कों पर संजू देवी के स्वागत का उत्साह देखते ही बना।
कलेक्टर ने किया सम्मान, कहा-युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर लौटीं संजू देवी और मधु सिदार का कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने कार्यालय में सम्मान किया। दोनों खिलाड़ियों को गुलदस्ता भेंट कर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संजू देवी जापान में आयोजित 20वीं एशियाई महिला कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रहीं, जबकि मधु सिदार ने चीन में आयोजित जूनियर एशिया हॉकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ी बहतराई स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षणरत हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता जिले के युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
संजू बोलीं- मेरी जीत सिर्फ मेरी नहीं, पूरे बिलासपुर की जीत
सम्मान से अभिभूत संजू देवी ने कहा कि देश के लिए खेलना और स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया। सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, कोच और सभी शुभचिंतकों के सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा, “मेरी जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर शहर की जीत है। बिलासपुर लौटने पर जिस तरह सम्मान और प्रोत्साहन मिला, उससे आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।”
सीएम साय ने दी 51 लाख की प्रोत्साहन राशि की घोषणा
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद संजू देवी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए अभिनंदन किया और 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देती है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें।
फाइनल में ईरान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संजू देवी ने एशियन गेम्स के अनुभव साझा किए और सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला प्रोत्साहन उन्हें आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
संजू देवी की स्वर्णिम वापसी ने बिलासपुर के खेल जगत में नई ऊर्जा भर दी है। उनकी उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि छोटे शहरों और प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी मेहनत और संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का तिरंगा ऊंचा कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

SURESH KHARE

WORLD ONE NEWS AD AGENCY (OPC) PRIVATE LIMITED). The organization is founded and led by Karan Aadle, who serves as owner and director. Contact 📞 Owner: Karan Aadle 📱 Mobile: +91 94791 32382

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports